दृष्टिबाधित बालिकाओं ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को दिया सम्मान

जयपुर | दिव्य ज्योति सेवा संस्थान

जगतपुरा, जयपुर स्थित दिव्य ज्योति दृष्टिबाधित कन्या शिक्षण संस्थान एवं पुनर्वास केंद्र में शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान की बालिकाओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए गीत, कविताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

बालिकाओं ने शिक्षकों की बोलने और पढ़ाने की शैली को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों में शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और आत्मीयता साफ दिखाई दी।

संस्थान की संस्थापिका रेनू शर्मा ने सभी शिक्षकों एवं स्टाफ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की खुशी और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ही संस्थान के प्रयासों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि दृष्टिबाधिता बच्चों की प्रतिभा, सपनों और आत्मविश्वास के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती।